अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित अंबेडकर मैदान पर चल रहे सनराइज कप टूर्नामेंट का फाइनल मैच रविवार को स्पार्टन स्ट्राइकर व यंग स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। इसमें स्पार्टन स्ट्राइकर ने यंग स्पोर्टिंग को हराकर मैच अपने नाम कर लिया। टॉस जीत कर स्पार्टन के कप्तान विकास रंजन ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग स्पोर्टिंग ने 15 ओवर में सभी विकेट खोकर 90 रन बनाया। अवर अभियंता की टीम स्पार्टन स्ट्राइकर ने 14.5 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज की। स्पार्टन स्ट्राइकर की तरफ से सौरभ यादव ने 23 रन, सतीश पटेल ने 18, मनीष ने 13 बाल पर 18 और प्रवीण राय ने 6 बॉल में धुआंधार 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी में अश्वनी पाल ने चार विकेट और सतीश पटेल ने महत्वपूर्ण तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द टूर्नामेंट स्पार्टन स्ट्राइकर के अमित कुमार और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार सतीश पटेल और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार यंग स्पोर्टिंग के श्रीकांत को मिला। फाइनल में मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रवीण राय को छह बॉल पर 18 रन और एक महत्वपूर्ण विकेट लेने के लिए दिया गया। राज्य विद्युत जूनियर इंजिनियर्स संगठन शाखा अनपरा के सचिव सत्यम यादव व अध्यक्ष हरिशंकर चौधरी एवं केंद्रीय उपमहासचिव अनूप कुमार वर्मा ने स्पार्टन टीम को बधाई दी।