यूपी: सोनभद्र के युवक की मध्यप्रदेश में हत्या, मजदूरी करने के लिए निकला था युवक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मधका गांव निवासी एक युवक की मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हत्या कर दी गई। बुधवार शाम उसका शव गांव पहुंचा, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मधका के ग्राम प्रधान गोविंद सिंह ने बताया कि संतोष कुमार(35) पुत्र कांता को किसी ठेकेदार ने वाराणसी बुलाया कि आगरा काम करने जाना है। ठेकेदार मजदूरों को लेकर अन्य जनपदों व प्रदेशों में काम के सिलसिले से लेकर जाता था। शुक्रवार को संतोष वाराणसी न जाकर परिवार के दो लोगों चचेरे भाई राजकुमार व रिश्ते में भतीजे शुदिया को अपने साथ लेकर मिर्जापुर गया। जहां से ट्रेन पकड़ कर आगरा गया।
आगरा में 2 दिन इंतजार के बाद वो ठेकेदार नहीं पहुंचा। इसके बाद संतोष के साथ गए दोनों लोग गांव वापस चले गए और संतोष आगरा में ही रह गया। मुरैना पुलिस के अनुसार, सोमवार को संतोष का शव मध्य प्रदेश के मुरैना में रेलवे लाइन के किनारे पाया गया। उसकी चाकू मारकर और गले में पट्टा डाल कर हत्या की गई थी।
उसकी जेब से मिली डायरी के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को ग्राम प्रधान गोविंद सिंह मृतक के परिजनों को लेकर मध्यप्रदेश के मुरैना पहुंचे। संतोष के शव को लेकर परिजन बुधवार को मधका पहुंचे, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
इस संबंध में मुरैना थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक संतोष अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था। मृतक संतोष को 15 साल की एक पुत्री व 12, 10 साल के दो पुत्र हैं।