बभनी। थाना क्षेत्र के शीशटोला गांव के बाद शनिवार की रात हाथियों का झुंड रम्पाकुरर गांव पहुंच गया। हाथियों का झुंड पहुंचने के बाद फसलों को रौंदते हुए रम्पाकुरर मे एक व्यक्ति का घर गिरा दिया। हाथियों के झुंड गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग जैसे थे वैसे ही अपनों घरों से भागना शुरू कर दिए।
शनिवार की रात मे हाथियों का झुंड अम्माझरिया के जंगलों से निकल कर रम्पाकुरर गांव में पहुंच गया। वहां रम्पाकुरर गांव निवासी मन्नु पुत्र केशो के घर को हाथियों ने गिराना शुरू कर दिया। वहीं पर आदिवासियों का कर्मा नृत्य का आयोजन चल रहा था। लोग अपने पारंपरिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाने में लगे थे कि अचानक हाथियों का झुंड देख लोगों के होश उड़ गये और लोग जान बचाने में लग गए। इसके पहले शुक्रवार की रात हाथियों ने शीशटोला गांव मे घरों को गिराया था। शनिवार की रात रम्पाकुरर पहुंच कर हाथियों ने घर तो गिराया ही साथ ही लक्ष्मण, वंशु, राय सिंह, बलि सिंह, चेत सिंह के धान, गेहूं, जौ, चना, अरहर की फसलों को भी चौपट कर दिया। हाथियों के पहुंचने की खबर मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अवध नारायण मिश्रा अपने दल बल के साथ रम्पाकुरर गांव में पहुंच गये। वन विभाग की टीम ग्रामीणों के सहयोग से किसी प्रकार हाथियों को जंगल की ओर भगाने में सफल हो सके।