सोनभद्र। सोनभद्र बार एसोसिएशन का चुनाव 27 दिसंबर को होगा। बुधवार को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। पहले दिन अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों के लिए 16 नामांकन पत्र बिके। सहायक निर्वाचन अधिकारी शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए हेमनाथ द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए शेष नारायण दीक्षित, उपाध्यक्ष के लिए राजकुमार सिंह, यादवेंद्र नारायण सिंह, ज्वाला प्रसाद एवं परमानंद एडवोकेट ने नामांकन पत्र लिया। वहीं महामंत्री के लिए तीन प्रत्याशी चंद्रपाल शुक्ल, कुशकांत मौर्य और मनोज कुमार दूबे, आनंद कुमार मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीदा। संयुक्त मंत्री प्रशासन के लिए सीताराम चौहान एडवोकेट, कार्यकारिणी सदस्य वरिष्ठ के लिए इंद्रकुमार सिंह व कार्यकारिणी सदस्य कनिष्ठ के लिए मनोज कुमार, कमलेश सिंह पटेल, विवेक कुमार पाण्डेय, संतोष कुमार सिंह ने नामांकन पत्र क्रय किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरेश सिंह ने बताया कि 23 दिसंबर को भी सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र का वितरित होंगे और जमा भी होंगे। तीन से चार बजे के मध्य पर्चा की जांच व वैध नामांकन पत्र का प्रकाशन तथा शाम चार बजे से पांच बजे के मध्य पर्चा वापसी तत्पश्चात अंतिम सूची का प्रकाशन व प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। जो अधिवक्ता सदस्य शीतकालीन अवकाश के दौरान 27 दिसंबर को बाहर चले जाने के कारण मतदान करने में असमर्थ हैं, उनके लिए 24 दिसंबर को दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक टेंडर वोटिंग की व्यवस्था की गई है। 27 दिसंबर को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सामान्य मतदान एवं 28 दिसम्बर को 10 बजे से मतगणना व विजयी प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी।