एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर में चल रही सीआईएसएफ जीडी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले छठवें आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई भर्ती बोर्ड के अफसरों की शिकायत पर की गई। इससे पहले लंबाई में छूट के लिए बनवाए गए फर्जी सर्टिफिकेट व दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। छठवां आरोपी मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र का रहवासी है।
शक्तिनगर एनटीपीसी के सीआईएसएफ ग्राउंड में परीक्षा का आयोजन भर्ती बोर्ड ने कराया। बीते 28 मई को बोर्ड व सीआईएसएफ विजिलेंस ने पांच ऐसे अभ्यर्थियों को पकड़ा था जो असम से जाली सर्टिफिकेट लेकर परीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बने थे। जांच में पता चला कि कुछ ने लंबाई में छूट तो कइयों ने बायोमेट्रिक में खेल किया। बृहस्पतिवार को पकड़ में आए अभ्यर्थी विजय कुमार निवासी पंचगोड़ा थाना चुनार, मिर्जापुर के बायोमैट्रिक मिलान में गड़बड़ी पकड़ी गई। भर्ती बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की जगह लिखित परीक्षा किसी और ने दी। इसका खुलासा शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान हुआ। शुरूआती जांच के बाद मामला पुलिस को सौंप दिया गया। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश मिश्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। कई धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट भेज दिया गया।