UP Accident: मजदूर के ऊपर बल्कर चढ़ाकर भागा चालक, सड़क पर बिखर गए चिथड़े; बेटे की लाश देख फफक पड़ा बाप
UP Accident News: यूपी के सोनभद्र में दर्दनाक हादसे के बाद मजदूर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, भाग रहे बल्कर को भी पकड़ लिया गया।
विस्तार
Road Accident in Sonbhadra: वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज के पास शनिवार को बेकाबू बल्कर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। वह तापीय परियोजना में संविदा मजदूर था। दोपहर में घर से ड्यूटी पर जा रहा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए आवागमन अवरुद्ध हो गया।
डिबुलगंज निवासी संजय भारती (32) अनपरा तापीय परियोजना में संविदा पर मजदूरी करता था। शनिवार की दोपहर घर से खाना खाने के बाद दूसरी पाली की ड्यूटी के लिए साइकिल से निकला था। जैसे ही वह धन निरंकार गेट पर पहुंचा तो पीछे से आ रही बल्कर ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बल्कर चालक तेजी से वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन काशी मोड़ पर जाम के कारण वाहन पकड़ा गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। बेटे के शव को देख मौके पर पहुंचे पिता बेटे के शव को पकड़कर रोने लगे।
बिलख पड़ी पत्नी और बच्चे
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चली गई। थाने पर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को तुरंत खुलवाया। संजय भारती पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बच्चे हैं।
परिवार के भरण-पोषण के लिए स्थानीय परियोजना में ठेकेदार के अंदर हेल्पर का काम करता था। संजय की मौत से पिता व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई में जुट गई है।