सोनभद्र। जिले में बुधवार को पूरे दिन बदली छायी रही और ठंड हवा चलती रही। कई क्षेत्र में रिमझिम बारिश भी हुई। ऐसे में जहां लोगों को गर्मी राहत मिली तो वहीं उमस ने परेशान भी कर रखा। वहीं किसानों ने खेतों में जुताई भी शुरू कर दी। जल्द ही वह धान की नर्सरी भी डालेंगे। उधर, मौसम विभाग ने जिले में बुधवार से शुक्रवार के बीच हल्की से तेज बारिश के आसार बताए हैं। घोरावल: नगर एवं ग्रामीण इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे। तापमान रहा लेकिन उमस बरकरार रही। कुछ देर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। विंढमगंज: क्षेत्र में दिन भर मौसम बदलता रहा। कभी धूप तो कभी बदली रही। बिजली की कटौती के बीच दिन भर उमस से लोग परेशान रहे। बभनी: क्षेत्र में बुधवार को सुबह से ही बदली रही। रुक-रुक कर बारिश भी होती रही। बारिश होने के साथ ही किसान अपने खेतों में जुताई करने में जुट गये हैं। किसान राम विलास ने बताया कि अगर ऐसे ही बारिश होती रही तो दो चार दिनों में मक्के की बुआई और धान की नर्सरी हो जायेगी। कन्हैयालाल ने बताया कि लगातार बारिश होने से जमीन ठंडी हो जायेगी ऐसे स्थति में मक्के, धान की खेती करना जरूरी हो गया है। इसके साथ ही खेतों की जुताई भी करा दिया जाएगा ताकि समय से अन्य फसलों उर्द, अरहर, तिल की खेती समय से हो सके। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम विशेषज्ञ विनीत कुमार यादव ने बताया कि पांच जून तक बदली और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। हवा नौ से 15 किमी प्रति घंटे रफ्तार से हवा चलने की संभावना बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 20-24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के 31-37 डिग्री सेल्सियस और आद्रता के 23-60 फीसदी रहने की संभावना है। जिले में सोमवार को दोपहर में आई तेज आंधी-बारिश के बाद से चतरा और म्योरपुर ब्लाक के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति चल रही बाधित है। विद्युत सप्लाई नहीं होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हो रही है। वहीं विद्युत उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। म्योरपुर ब्लॉक के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के खजुरा, जोगिन्द्रा, करमडाड, बिरनबहरा सहित अन्य टोले में सोमवार से ही विद्युत आपूर्ति बाधित है। हरिप्रसाद, भोला तिवारी, गौरीशंकर, दयाशंकर महेश, राजन और अनिल आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि सोमवार को दोपहर में आई तेज आंधी बारिश के बाद से आपूर्ति बाधित चल रही है। आपूर्ति नहीं होने से मोबाइल और अन्य विद्युत उपकरण शोपीस बनकर रह गए है। बताया जा रहा है कि जंगल में विद्युत तार टूटने की वजह से आपूर्ति बाधित है। इसी तरह चतरा ब्लॉक के ऐलाई, बेलौड़ी, सेंहुआ सहित अन्य गांवों में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ता परेशान है। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराकर विद्युत सप्लाई शुरू करने की मांग की है।