नक्सल प्रभावित कन्हौरा-पटवध संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य में गड़बड़ी शिकायत मिलने पर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी प्रदीप सिंह ने इंजीनियर से जांच कराई तो सच्चाई खुलकर सामने आ गई। जांच में कुछ शिकायत सही निकली है। मामला संज्ञान में आने पर अपर मुख्य अधिकारी ने ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाते हुए पुन: पेंटिग कराने का निर्देश दिया है। मानक के अनुसार काम कराने पर भुगतान होगा।
वर्ष 2020-21 में जिला पंचायत से करीब 32 लाख की लागत से कन्हौरा-पटवध संपर्क मार्ग के पेंटिंग का कार्य पास हुआ है। हालांकि अभी तक सड़क पर गिट्टी डालकर कुटाई का कार्य ही पूर्ण हुआ है। अब पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है। पिछले दिनों अपर मुख्य अधिकारी को शिकायत मिली कि मानक के अनुसार पेंटिंग का कार्य नहीं हो रहा है। कुछ ही दिन बाद सड़क जगह-जगह उखड़ने लगी है। मामला संज्ञान में आने पर उन्होंने इंजीनियर योगेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम को जांच के लिए भेजा। जांच के दौरान टीम ने पाया कि कई जगह पेंटिंग उखड़ गई है। अपर मुख्य अधिकारी प्रदीप सिंह ने कहा कि ठेकेदार ने अब तक जितना काम कराया है, उतना ही भुगतान किया गया है। ठेकेदार को पुन: पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि मानक के अनुसार कार्य पूर्ण कराने पर ही ठेकेदार का बकाया भुगतान किया जाएगा।