दुद्धी ब्लाक के पतरिहा गांव में महुली करहिया संपर्क मार्ग पर गुप्ता बस्ती में लगा हैंडपंप खराब हो जाने से रहवासी पानी के लिए काफी परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त हैंडपंप महुली कस्बे के रीवा-रांची राजमार्ग से महज दो सौ मीटर दूर स्थित है। यहां रहवासियों सहित सुदूर गांवों के अन्य राहगीरों की भी प्यास बुझती है। ग्रामीणों के मुताबिक हैंडपंप करीब दो महीने से खराब है। किसी तरह जुगाड़ बनाकर बिगड़े हैंडपंप से पानी निकाल कर उनकी जरुरतें पूरी होती थीं, लेकिन दो दिन पहले सब जुगाड़ फेल हो गया। बताया कि हैंडपंप की बेयरिंग, धुरा और चेन सब टूट गया और हैंडपंप ने पानी देना बंद कर दिया है। सत्य नारायण गुप्ता, अनिल कुमार, आनंद कुमार, संजय, अरुण, पिंटू ने बताया कि हैंडपंप खराब हो जाने से दूसरे बस्ती से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
दुद्धी ब्लाक के महुली कस्बे में सहकारी समिति के परिसर में लगे हैंडपंप से गंदा युक्त लाल पानी निकल रहा है। इससे इन दिनों सहकारी समिति में बनाये गए गेहूं क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों के सामने पेयजल की बड़ी समस्या है। सहकारी समिति के आस-पास के रहवासी भी हैंडपंप से लाल पानी निकलने के कारण पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। इस संबंध में समिति के सचिव परमेश्वर यादव ने बताया कि हैंडपंप के रिबोर के लिए ब्लाक में प्रस्ताव दिया गया है।