सोनभद्र। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को संपन्न कराने के लिए साढ़े 10 हजार कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 11 अप्रैल से शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले 118 कार्मिकों को नोटिस जारी की गई है। उनसे साक्ष्य के साथ जवाब मांगा गया है। सही जवाब न देने पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा की ओर से जिले के कुल 15 विभागों को इस संबंध में बुधवार को पत्र भेजा गया। पत्र में उन कर्मियों का भी नाम है जिन्हें नोटिस जारी की गई है। सीडीओ ने कहा कि 11 से 13 अप्रैल के बीच जिनका प्रशिक्षण था, उनमें से कई कार्मिक प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। ऐसे में इन सभी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। उनसे पूछा गया कि आखिर प्रशिक्षण में क्यों नहीं आए। न आने के कारण दर्शाते हुए साक्ष्य भी देना होगा। जवाब न देने पर यह मानते हुए कि संबंधित कार्मिक द्वारा जानबूझकर लापरवाही की गई है एफआइआर कराया जाएगा। जिन विभाग के कार्मिकों को नोटिस दी गई उनमें बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, मलेरिया विभाग, विकास विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, चकबंदी, मनरेगा सहित कुल 15 विभाग शामिल हैं। संबंधित विभागाध्यक्षों को भी निर्देश दिया गया है कि कार्मिकों से जवाब लेते हुए अगर कार्यालय आते हैं तो उन्हें 15 अप्रैल को साढ़े तीन बजे मंडी परिसर में आने के लिए कहें।