Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sonebhadra News ›   Mother Chhathi has come to your refuge; may she protect my child...

Sonebhadra News: छठी माई अइनी तोहार सरनिया, पनिया लिहिं मोर बचाई...

Mon, 16 Nov 2026 01:41 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Mon, 16 Nov 2026 01:41 AM IST
विज्ञापन
Mother Chhathi has come to your refuge; may she protect my child...
रॉबर्ट्सगंज बढ़ौली ​शिव सरोवर में छठ पुजन कर अस्तलगामी सूर्य को अर्घ्य देती व्रती महिलाएं। संवा
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ का उल्लास रविवार को जिले में छाया रहा। घाटों पर छठ की अलौकिक छटा देख लोग निहाल हो गए। व्रती महिलाओं ने नदी-तालाब के किनारे पहुंचकर छठ मइया की आराधना की। विधि-विधान से पूजा के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को छठ का पहला अर्घ्य अर्पित किया। जिले के 188 प्रमुख घाटों पर 30 हजार से अधिक व्रती महिलाओं ने अर्घ्य दिया। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा के चार दिवसीय पर्व का समापन होगा। दिवाली के बाद से ही घरों में छठ पूजा की तैयारी शुरू थी। चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ महिलाओं ने व्रत का संकल्प लिया और दूसरे दिन शनिवार को घाटों पर पहुंचकर वेदी तैयार करते हुए खरना पूजा की। रविवार को दोपहर बाद से घाटों की ओर श्रद्धालुओं का रेला पहुंचने लगा था। कंधे पर पूजन सामग्री से भरी दउरी लेकर परिवार के पुरुष सदस्य आगे चल रहे थे तो उनके पीछे छठ के पारंपरिक गीत गाती महिलाओं की टोली थी। मन्नत पूरी होने पर महिलाएं दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंची। घाटों पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने वेदी की पूजा की। इसके बाद जल से भरा कलश और दीपक रखकर छठ मइया की आराधना में डूब गईं। शाम करीब साढ़े चार बजे के बाद जैसे ही सूर्यदेव अस्ताचल की ओर बढ़े, अर्घ्य का क्रम शुरू हो गया। रॉबर्ट्सगंज नगर के रामसरोवर तालाब, मेहुड़ी नहर, अकड़हवा पोखरा, बढ़ौली तालाब, पुसौली पोखरा सहित अन्य तालाब-पोखरों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। इस दौरान पुलिस-प्रशासन की टीमें भी जुटी रहीं। वहीं चुर्क में नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित शिव मंदिर छठ घाट, रौंप तालाब छठ घाट, सहिजन खुर्द छठ घाट, सहिजन कला चाड़ी तालाब सहित विभिन्न घाटों पर शाम चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मनोकामना पूर्ति की कामना की। दीपों की रोशनी से नदी और तालाबों के तट जगमगा उठे। विद्युत झालरों से सजे घाटों पर आकर्षक रोशनी ने वातावरण को और भी भव्य बना दिया। अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश यादव ने बताया कि छठ घाटों पर साफ-सफाई के साथ सारी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। जिले के चुर्क, रामगढ़, वैनी, खलियारी, मधुपुर, करमा, केकराही, शाहगंज सहित अन्य क्षेत्रों में भी छठ पूजा की धूम रही। कोन पुरानी बस्ती स्थित पांडू नदी के दूसरे किनारे बने छठ घाट तक पहुंचने के लिए छठ पूजा समिति की ओर से बांस के अस्थायी पुल का निर्माण कराया गया है। इससे होकर व्रती महिलाएं घाट पहुंच रही है। छठ घाट पर समिति की ओर से टेंट, लाइट, सजावट सहित अन्य सुविधाएं की गई की है। सुरक्षा के लिए हर घाट पर पुलिस फोर्स तैनात रही। कोन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि भीड़-भाड़ वाले हर छठ घाट पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। हर जगह गश्त की जा रही है। बीजपुर में छठ पूजा को लेकर क्षेत्र के अजीरेश्वर मंदिर, बीजपुर बाजार, माता दूदहिया, बेड़िया हनुमान मंदिर सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समितियों की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। रविवार को व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य देने के बाद कुछ श्रद्धालु अपने घर लौट गए, जबकि कई व्रती महिलाएं घाटों पर बने अपने वेदी के समीप दीपक जलाकर रातभर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा में आराधना करती रहीं। इस दौरान विभिन्न छठ घाटों पर रातभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। छठी मइया के भक्तिमय गीतों से पूरा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed