घाघर मुख्य नहर से निकली अमौली-सिरपालपुर माइनर की टेल तक पानी न पहुंचने से धान की फसल सूखने के कगार पर है। किसानों की समस्या व शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने मंगलवार को जेसीबी भेजकर माइनर की सफाई कराई। टेल तक पानी पहुंचने से किसानों में खुशी है।
सिरपालपुर के किसान सीताराम मौर्य, मदन केशरी और बेठिगांव के किसान विजय मिश्र, आशीष, अनिल आदि का कहना है कि घाघर मुख्य नहर से निकली अमौली-सिरपालपुर माइनर से अमौली, लसड़ा, बेठिगांव, सुभौली और सिरपालपुर के किसान दो हजार हेक्टेयर से अधिक एरिया में फसल की सिंचाई करते हैं। पांच वर्ष पूर्व ग्राम प्रधान नीलम तिवारी के कार्यकाल में माइनर की सफाई हुई थी। इसके बाद किसी ने ध्यान नहीं दिया। इससे नहर में पानी छोड़ने के बाद भी टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इससे किसान परेशान थे। बीते दिनों किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल बेठिगांव के प्रधान प्रतिनिधि अनूप तिवारी के नेतृत्व में सदर विधायक भूपेश चौबे से मिला। सदर विधायक ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को माइनर की सफाई कराने के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश पर मंगलवार को सिंचाई विभाग के अधिकारी जेसीबी लेकर माइनर की सफाई कराने पहुंचे। हेड से टेल तक जेसीबी के माध्यम से माइनर की सफाई कराई गई। कमजोर तटबंध भी दुरुस्त कराए गए। माइनर की सफाई होने पर किसानों ने खुशी जताई। कहा कि माइनर की सफाई होने से अब उनके खेतों तक पानी पहुंच जाएगा। फसल की सिंचाई की जा सकेगी।