प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 7 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में हुई जिला कार्यशाला में इस पर मंथन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मुख्य अतिथि जिला प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा मिलती है। सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प है। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाएं। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद और वरिष्ठ नेता रामलखन सिंह मौजूद रहे। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रधानमंत्री के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाएं और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की ओर से निर्धारित सभी कार्यक्रमों को जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में जिला उपाध्यक्ष शंभू नारायण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, विशाल पांडेय, सरजू बैसवार, अमरेश पटेल आदि मौजूद रहे। संचालन कार्यक्रम संयोजक संतोष शुक्ला ने किया।