घोरावल। स्थानीय बीआरसी सभागार में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए निपुण भारत मिशन के अंतर्गत पांच दिवसीय आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान और एनसीईआरटी आधारित पाठ्य पुस्तकों से संबंधित प्रशिक्षण का बुधवार को आगाज हुआ। छठे बैच के पांच दिवसीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को प्रस्तुतीकरण और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी घोरावल अरविंद कुमार पटेल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की भाषा और गणित संबंधी बुनियादी समझ को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान भाषा एवं गणित के मूलभूत सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।इसके साथ ही कक्षा चार की हिंदी की नवीन पाठ्यपुस्तक ‘वीणा’ और गणित की पुस्तक ‘गणित मेला’ के प्रयोग एवं शिक्षण पद्धति के बारे में भी शिक्षकों को जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और गतिविधि आधारित बनाने के तरीके बताए जा रहे हैं। संदर्भदाता के रूप में एआरपी मयंक दुबे, अनिल कुमार प्रजापति, धनंजय द्विवेदी और ओमप्रकाश प्रशिक्षण दे रहे हैं। केआरपी के रूप में दीनबंधु त्रिपाठी की भूमिका है। प्रशिक्षण में संजय मिश्रा, रतन, रिजवान, लवकुश, निधि, बबिता, कृष्ण कुमार और सविता सहित करीब 100 शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।