Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sonebhadra News ›   Major accident on Varanasi-Shaktinagar road Fire breaks out collision in Hyva truck and DCM truck in sonbhadra

सोनभद्र में भीषण हादसा: ट्रक-ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, बाइक सवार समेत दो जिंदा जले

Thu, 26 Nov 2026 03:28 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र।
अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र। Published by: Pragati Chand Updated Thu, 26 Nov 2026 03:28 PM IST
सार

सोनभद्र में लोहरा के पास राखड़ लदे ट्रेलर का टायर फटने से वह डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। दोनों वाहनों में आग लगने से ट्रेलर चालक और बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के खलासी झुलस गए।

विज्ञापन
Major accident on Varanasi-Shaktinagar road Fire breaks out collision in Hyva truck and DCM truck in sonbhadra
दोनों वाहनों में लगी भीषण आग - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर राखड़ लदे ट्रेलर का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रेलर चालक अभय (35) और दोनों वाहनों के बीच फंसे बाइक सवार की जलकर मौत हो गई। बाइक सवार की पहचान नहीं हो सकी। दूसरे वाहन का चालक कूदकर बच गया, जबकि दोनों वाहनों के खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन



डिवाइडर पार कर ट्रक से भिड़ा ट्रेलर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शक्तिनगर से राखड़ लेकर ट्रेलर बनारस की तरफ जा रहा था। लोहरा विद्युत उपकेंद्र के पास अचानक उसका टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर डिवाइडर पार कर विपरीत लेन में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इसी बीच वहां से गुजर रहा बाइक सवार भी दोनों वाहनों के बीच फंस गया।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन

Trending Videos

एसपी, सीओ समेत अधिकारी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना पर सीओ सिटी रणधीर मिश्रा, सीओ यातायात सुधीर सिंह और कोतवाल धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल व अग्निशमन दल के साथ मौके पर पहुंचे। भीषण आग को देखते हुए हाईवे की दूसरी लेन पर भी कुछ देर के लिए आवागमन रोकना पड़ा। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एसपी अभिषेक वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।

उपकेंद्र के पास आग से सहमे लोग
हादसे वाली जगह के पास बिजली निगम का 33/11 केवी उपकेंद्र स्थित है। वाहनों से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग सहम गए। लोगों को आशंका थी कि आग उपकेंद्र तक पहुंचने से बड़ा नुकसान हो सकता है। एहतियात के तौर पर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई।

दो घंटे में पूरी तरह बुझाई गई आग
अग्निशमन केंद्र रॉबर्ट्सगंज को दोपहर करीब 2:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दो अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। करीब 2:40 बजे आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जबकि इसे पूरी तरह बुझाने में करीब दो घंटे लगे। इस दौरान हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।

मदद के लिए चिल्लाता रहा बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शी अमित कुमार सोनकर ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग तेजी से फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने वाहनों में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। एक व्यक्ति को वाहन का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया, जबकि कुछ अन्य लोगों को खींचकर बाहर निकाला गया। उनके अनुसार, बाइक सवार पप्पू दूबे भी आग की चपेट में आ गए। वह मदद मांग रहा था, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण लोग चाहकर भी उसके पास नहीं पहुंच सके।

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने क्या बताया
राखड़ लेकर बनारस की तरफ जा रहे ट्रेलर का टायर फटने से हादसा हुआ। इसमें ट्रेलर चालक और दोनों वाहनों के बीच फंसे बाइक सवार की मौत हुई है। दोनों शवों को निकालकर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है। बाइक सवार की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों घायल खलासियों की हालत खतरे से बाहर है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed