सोनभद्र में देह व्यापार का भंडाफोड़: किशोरी को पत्नी बनाकर रखा था आरोपी, कराता था गंदा काम; चार लोग गिरफ्तार
सोनभद्र जिले में पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ कर महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट के लिए चालान कर दिया।
विस्तार
इस बीच किशोरी का दो बार गर्भपात भी कराया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट के लिए चालान कर दिया। चोपन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सूरज पर अपनी बेटी (14) को पिछले डेढ़ वर्ष से पत्नी बनाकर रखने और उससे अनैतिक कार्य कराने का आरोप लगाया था।
एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार को बसकटवा मोड़ के पास से आरोपी सूरज को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद सत्येंद्र, उसकी सास बुधवंती और मुन्ना को भी गिरफ्तार किया गया।
एएसपी कालू सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने किशोरी से देह व्यापार कराने की बात स्वीकार की। वह नाच-गाने के बहाने किशोरी को अपने साथ ले जाते थे और उससे अनैतिक कार्य कराते थे।
पिछले डेढ़ साल में जबरन दवा खिलाकर किशोरी का दो बार गर्भपात भी कराया गया। आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। मामले की जांच सीओ सिटी डॉ. चारू द्विवेदी को सौंपी गई है।
जांच में अन्य नाम प्रकाश में आने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने बताया कि ऐसे अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है, जो नाच-गाने के धंधे से जुड़े हैं। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।