सोनभद्र। विश्व हिंदू महासंघ की जिला इकाई की ओर से शनिवार को महंत अवैद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ एवं शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन सिंह पटेल के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में कलश लेकर महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। रथ पर भगवान श्रीकृष्ण, शिव-पार्वती, राम दरबार सहित अन्य देवी-देवताओं की भव्य झांकियां सजाई गईं।
शोभायात्रा दंडईत बाबा से शुरू होकर सिविल लाइन रोड, पन्नूगंज रोड, शीतला मंदिर चौराहा और बढ़ौली चौराहा होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। इस दौरान आदिवासी नृत्य एवं विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण का उद्घोष करते रहे। शोभायात्रा में आदिवासी कलाकार करमा नृत्य पर थिरकते रहे। रामलीला मैदान स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें महामंडलेश्वर सरितानंद गिरि ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर अपने विचार रखे। प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन सिंह पटेल, प्रदेश मंत्री नूतन सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि महंत अवैद्यनाथ की पुण्यतिथि पर प्रदेश भर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा में कार्यक्रम संयोजक विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव, राजू मिश्रा, सर्वेश दुबे, ममता किन्नर आदि श्रद्धालु शामिल रहे। संगोष्ठी का संचालन कर रहे जिलाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।