सोनभद्र। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निवेशकों के साथ कार्यशाला हुई। उन्हें नई पर्यटन नीति समझाते हुए उसके अनुरूप जिले में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। प्रशासन ने उन्हें हर संभव मदद का भी भरोसा दिया।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने पर्यटन उद्योग में निवेश के लिए उद्यमियों, व्यापारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पर्यटन नीति-2022 के अनुसार अपनी पूंजी लगाने वाले निवेशकों को 10 लाख से 10 करोड़ तक निवेश करने पर 25 प्रतिशत अनुदान की व्यवस्था है। वहीं 50 करोड़ तक निवेश करने पर 20 फीसदी सब्सिडी की व्यवस्था की गई है। 50 से अधिक 200 करोड़ रुपये तक निवेश पर 15 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। होटल, रिसोर्ट, वाटर पार्क, बजट होटल, वेलनेस रिसोर्ट, इको रिसोर्ट और साहसिक पर्यटन परियोजनाओं की स्थापना पर सब्सिडी उपलब्ध होगी। सब्सिडी पाने की ऑनलाइन प्रक्रिया बताई गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबा, पेट्रोल पंप आदि पर गुजरने वाले पर्यटकों-यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ प्रसाधन की व्यवस्था, रेस्टूरेंट खोले जाने के बारे में भी बताया। कार्यशाला में सीडीओ जागृति अवस्थी, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी बृजेश कुमार, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह, एडीआईओ विनय कुमार सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्र आदि मौजूद रहे।