सोनभद्र। कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किये गए लाक डाउन के दौरान भी क्षय रोगियों के उपचार को निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं । प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के निर्देश के बाद सीएमओ डॉ. शशिकांत उपाध्याय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि क्षय रोग निवारण संबंधी सुविधाओं को निरंतर जारी रखना बहुत ही जरूरी है ताकि क्षय रोग से होने वाली जटिलताओं व मृत्यु पर नियंत्रण रखा जा सके। पत्र में कहा गया है कि लाक डाउन की स्थिति को देखते हुए सभी क्षय रोगियों को एक-एक महीने की दवा दी जाए। दवा का सेवन सुनिश्चित करने और दवा के एडवर्स ड्रग रिएक्शन पर नजर रखने के लिए निरंतर फोन कॉल, व्हाट्सएप, वीडियो कॉल के जरिये संपर्क रखा जाए। उपचारित क्षय रोगियों का फालो-अप भी किया जाए। संदिग्ध क्षय रोगियों की जांच सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जारी रखी जाए। सभी माइक्रोस्कोपी सेंटर, सीबीनाट प्रयोगशाला और कल्चर एंड डीएसटी लैब का काम चालू रखा जाए। सैंपल कलेक्शन, हैंडलिंग व सैंपल ट्रांसपोर्टेशन के लिए सभी मानकों का पालन किया जाए। कोविड-19 वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए भी सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। मॉस्क का प्रयोग, हाथ धोने, हैंड सेनेटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग और बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण केंद्र सरकार के जारी निर्देशों के अनुसार किया जाए।