दुद्धी। कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर बुधवार को घरेलू गैस सिलिंडर का वितरण पुलिस की मौजूदगी में कराया गया। बीते तीन दिनों से आपूर्ति बाधित रहने के बाद जैसे ही सिलिंडर उपलब्ध हुए एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालक को कोतवाली पुलिस की सहायता लेनी पड़ी।
सुबह से ही उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचने लगे थे। सात बजे से ही लंबी कतार लग गई थी, जो समय के साथ और बढ़ती चली गई। भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की की स्थिति बनने लगी, जिसे देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में व्यवस्थित तरीके से वितरण कराया गया। एजेंसी के कर्मचारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का ऑनलाइन पंजीकरण हो चुका है, उन्हें ही प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह कुल 306 सिलिंडर एजेंसी को प्राप्त हुए, जिनका वितरण तत्काल शुरू कर दिया गया। उपभोक्ताओं ने पिछले कई दिनों से गैस न मिलने पर नाराजगी भी जताई। दुद्धी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उनका पंजीकरण चार दिन पहले ही हो गया था, लेकिन उन्हें लगातार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा था। बुधवार को लंबी लाइन में लगने के बाद उन्हें सिलिंडर मिल सका। धीरेंद्र कुमार ने बताया कि आठ दिनों से गैस न मिलने के कारण उन्हें लकड़ी और उपले के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद अब सिलिंडर मिलने से राहत मिली है। पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्वक वितरण संपन्न होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।