सोनभद्र: चुनाव में खपाने के लिए उड़ीसा से ला रहे थे 8 लाख का गांजा, कार समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
सोनभद्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोका। तलाशी ली तो छिपाकर रखे गए 78 किग्रा 720 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत आठ लाख रुपये है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव में खपाने के लिए शराब के साथ ही गांजा की तस्करी भी हो रही है। सोनभद्र में शनिवार रात चेकिंग के दौरान क्राइम ब्रांच, हाथीनाला थाने की पुलिस व एसएसटी की संयुक्त टीम ने कार सवार तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 78 किग्रा 720 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपियों के खिलाफ एनडपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार रात में सीओ ओबरा शंकर प्रसाद हाथीनाला तिराहे पर क्राइम ब्रांच प्रभारी साजिद सिद्दकी, हाथीनाला एसओ रविंद्र प्रसाद, सर्विलांस प्रभारी सरोजमा सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अमित त्रिपाठी एवं एसएसटी टीम वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
अलग-अलग जगह पर छिपाकर रखा गया था गांजा
इस दौरान पुलिस ने एक कार में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने कार में गांजा होने की बात स्वीकार की। कार की डिग्गी और बैग में छिपाकर रखे गए 78 किग्रा 720 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत आठ लाख रुपये है।
यूपी के विभिन्न जिलों में होनी थी सप्लाई
एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि चुनाव में खपाने के लिए यह गांजा लाया जा रहा था, जिसे यूपी के विभिन्न जिलों में भेजा जाना था। पकड़े गए गांजा तस्कर दुर्गा प्रसाद भुईया निवासी ग्राम बेरहमपुर, थाना हल्दिया प्रदर, जनपद गंजम, उड़ीसा, अच्युत नायक निवासी ग्राम कंबरी साही, थाना रामगढ़, जनपद गजपति, उड़ीसा और अरुण कुमार दुर्गा निवासी ग्राम मलकान गिरी कॉलोनी, थाना मलकान गिरी, जनपद मलकान, उड़ीसा के खिलाफ एनडीपीसी का मुकदमा दर्ज किया गया है।