चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़ारी में शनिवार की दोपहर में स्नान करते समय चार किशोरों की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। घोरावल एसडीएम जैनेंद्र सिंह की मौजूदगी में गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद चारों किशोरों के शवों को बाहर निकाला।
जिले से सटे मध्यप्रदेश के लमसरई गांव निवासी अमित (16) पुत्र राजेश, आनंद (14) पुत्र लालपति, रोहित (14) पुत्र लाल बहादुर और राहुल (16) पुत्र कुंजीलाल शनिवार की सुबह नौ बजे कुछ दोस्तों के साथ लमसरई गांव में ही कोचिंग पढ़ने के लिए निकले। कोचिंग के बाद इन किशोरों ने कुड़ारी गांव स्थित सोन नदी में नहाने की योजना बनाई। दोपहर करीब 12 बजे सभी नदी तट पर पहुंचे और स्नान करने लगे। इस दौरान अमित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसको बचाने के चक्कर में आनंद, रोहित और राहुल भी डूब गए। चीख पुकार सुन आसपास के लोग पहुंच गए। कुछ ही देर में नदी में डूबने वाले बच्चों के परिजनों के साथ भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों ने बच्चों की तलाश शुरू की लेकिन नदी में पानी का तेज बहाव होने से परेशानी हुई। उधर, घटना की सूचना पाकर जुगैल एसओ विनोद सिंह ने भी पहुंच कर गोताखोरों के माध्यम से बच्चों की खोजबीन शुरू कराई। कुछ देर बाद घोरावल एसडीएम भी पहुंच गए। दो घंटे कड़ी मशक्कत कर करीब तीन बजे गोताखोरों ने दो शवों को बाहर निकाला। इसके बाद दो अन्य बच्चों की तलाश में जुट गए। शाम करीब साढ़े चार बजे गोताखोरों ने लापता अन्य दोनों बच्चों के शवों को भी निकाला। थानाध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।