सोनभद्र। जनपद के सीमावर्ती राज्यों में नक्सलियों की गतिविधि की आशंका पर शनिवार को एसपी आशीष श्रीवास्तव भारी पुलिस फोर्स के साथ बॉर्डर पर सघन कांबिंग किए। चंदौली बॉर्डर पर सदर कोतवाली क्षेत्र के नागनार हरैया जंगल में घुसे और छानबीन की। नक्सल ऑपरेशनल कार्यक्रम के तहत सीओ घोरावल, थाना प्रभारी करमा, शाहगंज, पन्नूगंज, राबर्ट्सगंज एवं पीएसी की टीम ने कांबिंग किया। जन चौपाल में एसपी ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए निस्तारण का भरोसा दिलाया।
प्राथमिक विद्यालय नागनार हरैया पर आयोजित जनचौपाल में एसपी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के बारे में जानकारी करते हुए हर संभव समाधान का भरोसा दिलाया। एसपी ने लोगों से भयमुक्त होकर किसी के बहकावे में न आते हुए पुलिस का सहयोग करने तथा मातहतों को भी जनता से मृदुल व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कोई धमकी देता है, विवाद कर अशांति का माहौल पैदा करता है तो उसके बारे में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। सीओ सिटी राजकुमार तिवारी, घोरावल सीओ संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।