सोनभद्र। छुट्टी पर अपने गांव आए युवक प्रेम मोहन का शव तुर्रा पहाड़ी पर मिलने के बाद उसके परिवार के लोग गमजदा हैं। घरवालों की मानें तो रविवार को कुछ मित्रों के कहने पर वह उनके साथ निकला हुआ था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर घरवाले उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने जिला अस्पताल आए घरवालों के साथ ही उनके रिश्तेदारों ने मामले की जांच कराए जाने की मांग की।
बता दें कि प्रेम मोहन पुत्र (38) राम सनेही खरवार निवासी ग्राम जुगैल अमवाखोह टोला एक माह पूर्व गांव आया था। वह उत्तराखंड में एक टॉवर कंपनी में काम करता था। मृतक के ससुर व पिता ने बताया कि प्रेम मोहन को रविवार को घर पर कोई बुलाने आया था। उन लोगों को कोई पहचान नहीं पाया। वे खुद को प्रेम मोहन का मित्र बता रहे थे। उसके बाद से प्रेम मोहन घर नहीं आया। दो दिन से वह रिश्तेदारों और अन्य करीबियों से पता कर रहे थे, लेकिन कहीं खबर नहीं मिली। बृहस्पतिवार की शाम सूचना मिली कि तुर्रा पहाड़ी पर उसका शव मिला है। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे और घटना के संबंध में लोगों से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फ़ोरेंसिक टीम के जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत ही युवक के मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा।