अनपरा। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चित्रकूट के छिवलहा गांव के पास बृहस्पतिवार की रात हुए सड़क हादसे में अनपरा तापीय परियोजना के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार वर्मा (36) की मौत हो गई। हाल ही में उन्हें सहायक अभियंता पद से अधिशासी अभियंता पद पर प्रमोशन मिला था। व्यवहार कुशल होने के कारण वे परियोजना के कर्मचारियों और पड़ोसियों के प्रिय थे। उनकी मौत की खबर से कर्मचारियों में शोक व्याप्त हो गया।
चित्रकूट निवासी अखिलेश कुमार वर्मा अनपरा तापीय परियोजना में अधिशासी अभियंता के पद पर सीएंडआई विभाग प्रथम अ ताप में कार्यरत थे। दिवाली पर बृहस्पतिवार को कार से अपने रिश्तेदार फतेहपुर जिले के दमादरपुर गांव निवासी सौरभ (18) के साथ अपने गृह जनपद जा रहे थे। रात करीब ढाई बजे के आसपास वह छिवलहा पहुंचे थे कि उनकी कार पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। कार चला रहे अखिलेश कुमार वर्मा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि सौरभ का पैर फ्रैक्चर हो गया जिन्हें प्रयागराज के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अखिलेश कुमार वर्मा ने 2008 में अनपरा परियोजना में सहायक अभियंता के रूप में ज्वाइन किया था। हाल ही में अधिशासी अभियंता पद पर उनको प्रमोशन मिला था। घटना के समय पत्नी और बच्चे चित्रकूट में ही थे। उनकी सात साल की बेटी और पांच साल का बेटा सेंट फ्रांसिस विद्यालय में पढ़ते हैं। व्यवहारकुशल होने के कारण वह अपने डिवीजन व पड़ोसियों के काफी करीब थे। घटना की सूचना मिलते ही अनपरा परियोजना से सहायक अभियंता अमरीश राय, अजय सिंह, अभिषेक, अंकुश व अनूप आदि उनके गृह जनपद के लिये रवाना हो गए।