अनपरा। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने मंगलवार को अनपरा तापीय परियोजना का निरीक्षण किया। अगलगी की घटना से 16 महीने से बंद अनपरा डी की सातवीं इकाई के कार्यों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द इकाई को उत्पादनरत करने का निर्देश दिया।
सोमवार की शाम अनपरा पहुंचे ऊर्जा मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिबुलगंज व काशी मोड़ पर स्वागत किया। मंगलवार की सुबह ऊर्जा मंत्री ने मां ज्वालामुखी मंदिर में मत्था टेका तथा परियोजना आवासीय परिसर स्थित पटेल पार्क में पौधरोपण किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्यायें सुनने के पश्चात ऊर्जा मंत्री का काफिला अनपरा परियोजना को रवाना हो गया। वहां ऊर्जा मंत्री व ओबरा के विधायक संजीव कुमार गोंड़ ने अनपरा बीटीपीएस के कंट्रोल रूम व अनपरा डी की सातवी इकाई के कार्यों का अवलोकन किया। ऊर्जा मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने बताया कि मई माह तक सातवीं इकाई को उत्पादनरत कर लिया जाएगा। केंद्र व प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है। पहले से बेहतर बिजली व्यवस्था हुई है अब गांवों में भी 18 से 20 घंटे बिजली मिल रही है। कहा कि मशीनों का समय पर अनुरक्षण हो इसकी समीक्षा मुख्यमंत्री स्तर पर की जा रही है। आने वाले समय में सभी को 24 घंटे बिजली मिले इसकी भी तैयारी प्रदेश स्तर पर जारी है। उन्होंने ओबरा परियोजना की खस्ताहाल सड़क व सीजीएम कार्यालय में व्याप्त गंदगी पर नाराजगी जाहिर की। सीआईएसएफ के जवानों ने कमांडेंट बउवा झा की उपस्थिति में इंस्पेक्टर अवनीश कुमार सिंह द्वारा ऊर्जामंत्री को गार्ड आफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर अनपरा तापीय परियोजना केसीजीएम दीपक कुमार, अ परियोजना के जीएम आरके तिवारी, ब परियोजना के जीएम राधेमोहन, अनपरा डी के जीएम मनोज कुमार सचान, सिविल विभाग के अधिकारी एके राय सहित दर्जनों अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।