सोनभद्र में बिजली संकट: NTPC के बाहर पांच घंटे तक प्रदर्शन, 15 दिन से आपूर्ति की समस्या झेल रहे लोग; आश्वासन
UP Electricity Crisis: दो दिन पहले रहवासियों ने एनटीपीसी स्वागत गेट के सामने प्रदर्शन किया था। करीब छह घंटा जाम लगाने के बाद दोबारा 1000 केवी का ट्रांसफाॅर्मर लगाने पर लोग शांत हुए। आरोप है कि इस ट्रांसफॉर्मर से भी बिजली सुचारू रूप से नहीं मिल पा रही। तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में बिजली दी जा रही है।
विस्तार
Electricity Crisis in Sonbhadra: पिछले 15 दिनों की बिजली आपूर्ति की दुर्व्यवस्था से नाराज रहवासी शुक्रवार की सुबह ही सड़क पर उतर गए। एनटीपीसी रिहंद के स्वागत गेट के सामने चक्काजाम कर दिया। वह आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एनटीपीसी के अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी।
करीब पांच घंटे बाद लोग इस आश्वासन पर माने कि एक घंटे में आपूर्ति सुचारू कर दी गई। बाद में एसडीएम और सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
बीजपुर गांव के टोला शांति नगर, बाजार, मोटर गैरेज, राय काॅलोनी में पिछले एक पखवारे से बिजली व्यवस्था प्रभावित है। इन इलाकों में आपूर्ति के लिए 1000 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगा था। इसके जलने के बाद पहले 500 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन ओवरलोड के कारण उससे आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई।
जताई नाराजगी
इससे भीषण गर्मी में जीना दूभर हो गया है। पूर्व की तरह 24 घंटे आपूर्ति और बिजली व्यवस्था देख रहे ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग करते हुए रहवासी शुक्रवार की तड़के पांच बजे ही सड़क पर उतर आए। एनटीपीसी स्वागत गेट के सामने बीच सड़क धरने पर बैठ गए। इससे मोटर गैरेज, डोडहर गेट, कांट्रेक्टर काॅलोनी, सिरसोती जाने वाले मार्ग पर आवागमन ठप हो गया।
सुबह श्रमिक प्लांट में समय से काम पर नहीं जा सके। जाम की सूचना पर डीजीएम प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लोगों की बात सुन बिजली व्यवस्था रोस्टर के अनुसार देने की बात कही।
एनटीपीसी प्रबंधन ने लोगों को एक घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया। तब जाकर सुबह करीब साढ़े दस बजे जाम समाप्त हुआ। दोपहर में एसडीएम दुद्धी निखिल यादव, सीओ दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल ने ग्रामीणों एवं एनटीपीसी प्रबंधन के बीच गेस्ट हाउस वार्ता की। समस्या के स्थाई समाधान का आश्वासन दिया।