विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क में पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मिर्जापुर रामकृष्ण भारद्वाज ने डीएम टीके शीबू और डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह सहित समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। डीआईजी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया।
डीआईजी ने कहा कि चुनाव में बाधा पहुंचाने की मंशा रखने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद करें। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाएं। वांछित व इनामी अभियुक्तों, जिला बदर, एनबीडब्ल्यू के विरुद्ध अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार करें। शातिर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा, गैंगेस्टर आदि की कार्रवाई करें। सांप्रदायिक भावना भड़काने वालों/असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के साथ-साथ डिजिटल वॉलेंटियर ग्रुप को अपडेट करते हुए नियमित मीटिंग कर उनका सहयोग लेने का निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा कि फोर्स को ठहरने के लिए मूलभूत सुविधाओं वाले विद्यालयों को चिह्नित करें। क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केंद्रों का निरीक्षण करके ग्रामीणों के बीच में आपसी सौहार्द बनाए रखें। एडीएम राकेश कुमार सिंह, एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार, एएसपी आपरेशन विजय शंकर मिश्रा, सिटी सीओ राजकुमार तिवारी, ओबरा सीओ शंकर प्रसाद, पिपरी सीओे प्रदीप सिंह चंदेल आदि मौजूद रहे। डीआईजी ने राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी में व्यवस्थापित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था देखी। सुरक्षा को लेकर प्रकाश और विद्युत वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया।

चुर्क पुलिस लाइन में समीक्षा करते पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण भारद्वाज।- फोटो : SONBHADRA

अनपरा थाने में खडे कोयला लदे टेलर- फोटो : SONBHADRA