मधुपुर। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर से रविवार को डेटोनेटर के साथ पकड़ा गया युवक मकान में हिस्सा न मिलने से नाराज होकर साथी के साथ मिलकर पिता को बम से उड़ाने वाले वाला था। पकड़े गए राजेश ने बताया कि उसके पिता मकान में हिस्सा नहीं दे रहे थे। इसलिए अपने एक साथी के साथ मिलकर बम से मकान सहित उन्हें उड़ाने की योजना बनाया था।
रविवार को मधुपुर में नौगढ़ मोड़ के समीप पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। उसी वक्त मधुपुर निवासी घनश्याम मोर्य ने चौकी इंचार्ज के पास पहुंच कर बताया कि उनका बेटा राजेश और उसका एक साथी घर पर आकर उन्हें बम से उड़ाने की बात कर रहे हैं। उनके पास विस्फोटक सामग्री भी है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस घनश्याम के घर से उसके बेटे राजेश और उसके साथी डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के लंगड़ा मोड़ निवासी बचऊ जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो डेटोनेटर चार सेल का सर्किट टेप लगा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान राजेश ने बताया कि अपने पिता को बम से मारने व घर को उड़ाने के लिए डेटोनेटर रखा है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया।