जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह के निर्देशन में बुधवार से दवा का छिड़काव शुरू हो गया। इसके साथ ही गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। म्योरपुर में 42 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान एवं सचिव के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत बुधवार से की गई।
ग्राम पंचायतों में एंटी लार्वा दवा के छिड़काव व सफाई के लिए सफाई कर्मी व मजदूर लगाकर झाड़ियों की कटाई का कार्य शुरू कराया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में सौ से ज्यादा मजदूर लगाए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी सचिवों को निर्देशित किया है कि सफाई अभियान में हर ग्राम पंचायत में कम से कम दस मजदूर एवं सफाई कर्मियों को लगाकर झाड़ी कटाई एवं एंटी लार्वा का छिड़काव उस स्थान पर कराना सुनिश्चित कराया जाए, जहां पर पानी इकट्ठा है। साथ ही निर्देशित किया कि अगर किसी ग्राम पंचायत में कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो सचिव पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ ने कहा कि इस अभियान में जो भी सफाईकर्मी अनुपस्थित हैं, उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायतों में चल रहे व्यापक सफाई अभियान को लेकर लोगों ने राहत की सांस ली है। सफाई अभियान के दौरान ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अखिलेश दुबे, सुषमा तिवारी, अरुण उपाध्याय सबसे बड़ी संख्या में पंचायत कर्मी मौजूद रहे।