शक्तिनगर (सोनभद्र) । एनसीएल ब्लाॅक बी कोयला क्षेत्र के महाप्रबंधक के ऑफिस व आवास पर सीबीआई जबलपुर की टीम ने छापा मारा। शुक्रवार दोपहर सीबीआई टीम के पहुंचने से कोयला क्षेत्र में कार्यरत अफसरों में खलबली मच गई। सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई मुहेर गांव में कोयला खनन के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा वितरण में अनियमितता की शिकायत पर हुई है। टीम ने एनसीएल ब्लाॅक बी के क्षेत्रीय महाप्रबंधक सैयद गोरी के कार्यालय एवं आवास और राजस्व एवं पुनर्वास विभाग में जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जीएम ने मुआवजा दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।
जबलपुर सीबीआई पुलिस अधीक्षक रिक्षपाल सिंह के निर्देशन में डीएसपी रैंक के एक अधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे के करीब सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम ने छापा मारा। टीम दस्तावेज खंगाल रही है। ब्लाॅक बी क्षेत्र विस्तार के लिए ग्राम मुहेर में भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। मुआवजा वितरण में की गई अनियमितता को लेकर कुछ विस्थापितों ने जबलपुर सीबीआई में शिकायत की थी। मामले का सत्यापन कराने के बाद सीबीआई टीम ने एनसीएल ब्लाॅक बी के क्षेत्रीय महाप्रबंधक सैयद गोरी के कार्यालय, आवास और राजस्व विभाग में दस्तावेजों को खंगालने के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी चंद्रमोहन गुप्ता से पूछताछ की। समाचार लिखे जाने तक सीबीआई की छानबीन जारी थी। टीम का नेतृत्व कर रहे अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई पूरी होने के बाद इससे जुड़ी जानकारी दी जाएगी।