चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगांवा के टोला बरवाडीह गांव के समीप शुक्रवार को हाइबा (ट्रक) की चपेट में आने से बाइक सवार गुड्डू (35) की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक पर बैठा दूसरा युवक जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा के आश्वासन पर जाम करने वाले शांत हुए।
जुगैल थाना क्षेत्र के जमुवल गांव निवासी गुड्डू (35) अपने घर से छठ पूजा का सामान लेने के लिए चोपन गए। यहां से सामान लेने के बाद दोपहर लगभग 12.30 बजे वह अपने एक साथी के साथ वापस घर के लिए चले। रास्ते में बरगांवा गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार हाइवा बाइक में टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। दुर्घटना में गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उनका साथी मामूली रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने घटना के बाद भाग रहे हाइवा चालक को पकड़ लिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चालक को हिरासत में लेकर थाने भेजवा दिया। जानकारी होने पर मृतक के घरवाले घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ परिजनों ने जाम लगा दिया। जाम लगाने वालों का कहना था कि जब तक मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक शव नहीं ले जाने देंगे। मामला बढ़ते देख ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा, चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार तिवारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच आक्रोशित लोगों को समझाने में जुट गए। लगभग पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने मुआवजा मिलने और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के आश्वासन पर जाम समाप्त किया। सीओ ने कहा कि शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया गया है। मृतक के परिवार वाले जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।