श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के भूमि पूजन और शिलान्यास के एक वर्ष पूरे होने की खुशियां बृहस्पतिवार को मनाई गई। सबने अपनी-अपनी तरह से पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन के साथ आस्था प्रकट की। कहीं अखंड पाठ तो कहीं विशेष आरती-पूजन हुआ। मंदिरों में विशेष शृंगार किया गया। भगवान श्रीराम को विविध प्रकार के भोग लगाए गए। विश्व हिंदू महासंघ की तरफ से मुख्य आयोजन सीएमओ कार्यालय राबर्ट्सगंज के समीप स्थित श्रीरामजानकी मंदिर पर आयोजित हुआ। भजन-कीर्तन के साथ आयोजन की शुरुआत हुई और फिर प्रभु राम के जयकारों की गूंज के साथ मंदिर निर्माण की खुशियों की धूम छाई। आरती-पूजन के साथ खुशियां साझा की गईं। मुख्य अतिथि संभाग प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पांच शताब्दी की प्रतीक्षा अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के रूप में पूरी होने जा रही है। यह कोई सामान्य कार्य नहीं है, कई पीढ़ियों ने इसके लिए सपने देखे, संघर्ष किया। हम सब सौभाग्यशाली हैं जो आज पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित सपने को साकार होता देख रहे हैं। आयोजन में मंडल प्रभारी गौ रक्षा प्रकोष्ठ के मंडल प्रभारी सत्यप्रकाश, चंदौली जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार, जिलाध्यक्ष मातृ शक्ति सुमन पटेल, धर्माचार्य प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्लोकी मित्र के अलावा धीरेन्द्र प्रताप सिंह, चन्द्रपाल शुक्ल, सत्यप्रकाश, शंभू सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता उमेश ओझा ने की।