ओबरा। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र की एक खदान में शनिवार हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। एक अन्य मजदूर गंभीर रुप से घायल हुआ है। उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसा ब्लास्टिंग के बाद झबलिंग का कार्य करते समय हुआ। घटना की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
सीओ शंकर प्रसाद ने बताया कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र स्थित मेसर्स रविंद्रो स्टोन प्रोडक्ट में ऊंचाई पर झबलिंग कार्य के दौरान शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे दो मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहांइलाज के दौरान मजदूर रविंद्र कुमार उर्फ पिंटू (30) पुत्र देव नारायण निवासी कनछ थाना चोपन की मौत हो गई। वहीं दूसरा मजदूर राम बहाल (21) पुत्र मनु सिंह गोंड निवासी निंगा सलई बनवा चोपन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां मजदूर की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद एसडीएम राजेश कुमार, सीओ शंकर प्रसाद, तहसीलदार ओबरा सुशील कुमार, थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से घटना स्थल का जायजा लिया। एसओ ने बताया कि इस मामले को लेकर अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।