सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से मंगलवार को लोढ़ी स्थित कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 150 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लेकर कुल 67 अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी।
इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रतिभागियों को सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका और फोल्डर भी वितरित किए गए। रोजगार मेले में कुल सात कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें हिटाची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्रालि. लखनऊ, ठाकुर पब्लिकेशन लखनऊ, सोलेरा इंडस्ट्रीज प्रालि. रॉबर्ट्सगंज और कृतिका एडवरटाइजिंग रॉबर्ट्सगंज प्रमुख रहीं। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, एडीआईओ विनय सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रमोद तिवारी, रोजगार मेला प्रभारी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जमील अहमद, प्रदीप सिंह, पवन कुमार सोनकर, सुरेंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।