ओबरा। बाल विकास परियोजना द्वारा चलाए जा रहे पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत बुधवार को नगर के सेक्टर दो में किशोरी बालिकाओं को जागरूक करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू वर्मा के नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने रैली निकालकर जागरूक किया। इस दौरान कार्यकत्रियों ने गली गली में गुड़, चना खाएंगे एनीमिया को दूर भगाएंगे का नारा लगाकर किशोरियों को जागरूक किया। वहीं कार्यकत्रियों ने सामूहिक रूप से शपथ लेकर एनीमिया को भगाने का संकल्प लिया। इस दौरान विभिन्न स्लोगन के माध्यम से गर्भवती व धात्री महिलाएं, नवजात शिशु, बच्चे एवं किशोरियों के उचित पोषण पर जोर दिया गया। कार्यकत्रियों ने रोजाना आयरन और विटामिन युक्त तरह तरह के पोषक आहार लेने, पौष्टिकीकृत दूध और तेल तथा आयोडीन युक्त नमक खाने एवं हरी सब्जी सहित कैल्शियम की निर्धारित खुराक लेने एवं शिशुओं के महीने पूरे होने पर मां के दूध के साथ ऊपरी आहार देने आदि के लिए प्रेरित किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू वर्मा ने बताया की पोषण पखवाड़ा 8 मार्च से 22 मार्च तक पूरे जनपद में चलाकर किशोरियों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान सभासद मनीष विश्वकर्मा, प्रेमलता, बीना सिंह, शशि सिंह, पार्वती पांडेय, ममता पाठक, सरिता द्विवेदी, सविता, आराधना, अंजू लता, कमला, पुष्पा, चन्द्रावती, रेहाना, कनकलता, मीरा आदि आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।