सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट दर्द समेत विभिन्न समस्याओं से पीड़ित कुल 38 मरीजों का चिकित्सकों ने परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को नजदीक में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मेले में आए मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दी गईं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया गया। डॉ. सिंह ने बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सर्दी-जुकाम और बुखार से बचने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, उबला या स्वच्छ पानी पिएं, पौष्टिक भोजन करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक से परामर्श लें। इस मौके पर मनोज राठौर, कृष्णकांत चौबे, चरनजीत सिंह, चंद्रकला सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ ने पीएचसी में कार्यरत स्टाफ नर्स चंद्रकला सिंह, रेखा, पूर्णिमा को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्हें महिला दिवस की बधाई दी।