सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के तहत जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण रविवार को राजकीय पालीटेक्निक कालेज में हुआ। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि मजिस्ट्रेट निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरा पालन करें। सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने में अपने कड़ी मेहनत व ईमानदारी का परिचय दें। मजिस्ट्रेट स्वविवेक से निर्णय लेते हुए स्वयं निष्पक्ष रहते हुए अपने कार्य एवं आचरण से भी निष्पक्ष दिखें। उन्होंने कहा कि जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि के रूप में प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करायेेंगें। उन्होंने इलेक्ट्रानिक्स वोटिंग मशीन, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवी पैट के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि मतदान से जुड़ें सभी अधिकारी चुनाव के दौरान किसी का आतिथ्य स्वीकार न करें। बिना किसी दबाव में निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराते हुए अपने कर्तव्य व निष्ठा का परिचय दें। प्रशिक्षण में सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने भी अधिकारियों को विभिन्न जानकारी दी। यहां डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।