यूपी: सीतापुर में 12 वर्षीय किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म, धान काटने खेत गई थी; 30 किलोमीटर दूर सड़क किनारे मिली
सीतापुर में 12 वर्षीय बालिका के लापता होने के बाद वह रामपुर मथुरा क्षेत्र में गंभीर हालत में मिली। परिजनों ने अपहरण और दुष्कर्म की आशंका जताई है। प्राथमिक उपचार के बाद बालिका को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
सदरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। परिजनों के मुताबिक, किशोरी बुधवार शाम घर से लापता हो गई थी। देर रात वह रामपुर मथुरा क्षेत्र के अंगरोरा स्थित बंधे पर गंभीर हालत में मिली। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
खेत से घर लौटते समय लापता हुई किशोरी
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे किशोरी अपने परिजनों के साथ धान काटने खेत गई थी। परिजनों ने उसे घर वापस भेज दिया, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। जब परिवार के लोग खेत से लौटे तो किशोरी घर पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। देर रात पुलिस ने ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी कि किशोरी रामपुर मथुरा क्षेत्र के अंगरोरा स्थित बंधे पर गंभीर हालत में मिली है। घटनास्थल उसके गांव से करीब 30 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई
परिजनों का आरोप है कि किशोरी के कपड़े खून से सने हुए थे और उसे गंभीर रूप से रक्तस्राव हो रहा था। उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई है। गंभीर हालत को देखते हुए पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
सीओ कपूर कुमार ने बताया कि डायल 112 पर किशोरी के बंधे पर पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा था। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रामपुर मथुरा थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।