सीतापुर : कुकर्म के बाद बालक का गला घोंटने वाला दरिंदा दबोचा, गन्ने के खेत में मिला था नग्न शव
कुकर्म के बाद राज खुल जाने के डर से ही आरोपी ने बच्चे की हत्या की थी। पुलिस ने उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है। बाराबंकी जिले के थाना रामनगर इलाके के एक गांव की युवती की शादी सीतापुर जिले के थाना थानगांव इलाके के एक युवक के साथ तय हुई थी।
विस्तार
सीतापुर के थानगांव इलाके में बुधवार की देर रात हुई दरिंदगी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पिता के साथ बुआ का तिलक चढ़ाने आए बाराबंकी के एक सात साल के बच्चे संग कुकर्म करने वाले दरिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कुकर्म के बाद राज खुल जाने के डर से ही आरोपी ने बच्चे की हत्या की थी। पुलिस ने उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है। बाराबंकी जिले के थाना रामनगर इलाके के एक गांव की युवती की शादी सीतापुर जिले के थाना थानगांव इलाके के एक युवक के साथ तय हुई थी। बुधवार को लड़की पक्ष के लोग तिलक चढ़ाने के आए थे। तिलक समारोह से ही युवती के भतीजे को अगवा कर लिया गया था।
बालक के गायब होने के काफी तलाश के बाद भी रात भर उसका पता नहीं चल सका था। गुरुवार सुबह गांव के बाहर नित्यक्रिया को गई महिलाओं को गन्ने के खेत में बच्चे का शव पड़ा मिला था। बालक की गला दबाकर हत्या की गई थी। उसका गला उसी की पैंट से कसा हुआ था। शव नग्न हालत में था। हाथ-पैर भी बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। मृतक के प्राइवेट पार्ट पर भी चोटों के निशान पाए गए थे, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही थी।
हालांकि, जिस तरह से बच्चे की हत्या की गई थी, उससे इस बात की आशंका पहले से जताई जा रही थी कि बालक की कुकर्म के बाद ही हत्या की गई है। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कुकर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस के सामने घटना का खुलासा चुनौती से कम नहीं था, लेकिन एसपी आरपी सिंह ने इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के लिए एएसपी साउथ एनपी सिंह, सीओ महमूदाबाद समेत पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस की टीमों को लगाया था।
एसपी साउथ ने बताया कि खुलासे में लगी पुलिस टीमों को गांव से ही एक अहम क्लू मिला। जांच में सामने आया जिस गांव में तिलक चढ़ने आया था, उसी गांव का एक युवक अक्सर रेउसा में रहता है। उसका घर इसी गांव में है। तिलक समारोह के दौरान वह देखा गया था, लेकिन फिर 8 से 9 बजे के बीच वह लोगों को नहीं दिखा, इसी बीच बालक भी गायब हुआ था, इससे उसी पर पुलिस का शक गहराया।
एएसपी ने बताया कि शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना इकबालिया जुर्म कुबूल कर लिया। एएसपी ने बताया कि आरोपी का नाम प्रमोद पटवा है। उसने पूछताछ में कुबूला कि, बालक को बिस्किट खिलाने के बहाने अपने घर ले गया था, जहां पर कुकर्म करने के बाद राज खुल जाने के डर से बच्चे की हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया था।
एएसपी साउथ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और कुकर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में सीओ महमूदबाद, एसओ रेउसा, एसओ रामपुर मथुरा, सदरपुर की पुलिस टीमें रही। एएसपी ने बताया कि आरोपी की पत्नी मौजूदा समय में गर्भवती है।