{"_id":"5a1710bd4f1c1b59678bdb23","slug":"four-rounds-firing-one-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रत्याशियों के समर्थक भिड़े, चार राउंड फायरिंग, एक जख्मी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
प्रत्याशियों के समर्थक भिड़े, चार राउंड फायरिंग, एक जख्मी
अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 23 Nov 2017 11:47 PM IST
विज्ञापन
फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
हरगांव नगर पंचायत चेयरमैन पद के चुनाव प्रचार को लेकर बुधवार रात कस्बे में भाजपा व निर्दल प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। दानों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान चार राउंड हवाई फायरिंग भी की गई।
विज्ञापन
घटना में एक भाजपा समर्थक बुरी तरह से जख्मी हो गया। भाजपा प्रत्याशी व समर्थक की अलग-अलग तहरीरों पर पुलिस ने निर्दल प्रत्याशी हरिनाम बाबू मिश्रा के खिलाफ दो केस दर्ज किए हैं। देर रात तक एएसपी, एसडीएम हरगांव कस्बे में कैंप करते रहे। शांति व्यवस्था कायम करने के लिए कई थानों की फोर्स कस्बे में तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन
हरगांव नगर पंचायत चेयरमैन पद के प्रत्याशी गिरीश चंद्र मिश्रा चुनाव प्रचार के लिए निकले थे। मोहल्ला तीर्थ वार्ड में पहुंचते ही उनकी निर्दल प्रत्याशी हरिनाम बाबू मिश्रा से झड़प हो गई।
विज्ञापन
तकरार बढ़ी तो नौबत मारपीट की आ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ गए। इसी बीच एक पक्ष ने हवा में फायरिंग शुरू कर दी। यह देख गिरीश चंद्र मिश्रा व उनके समर्थक वहां से निकल भागे।
कुछ देर बाद गिरीश के समर्थक राम शंकर अवस्थी वोट मांगते हुए तीर्थ वार्ड से गुजर पड़े। यहां पर पहले विवाद हो चुका था, इस पर हरिनाम के समर्थकों ने समझा कि भाजपाई पलटवार के लिए पहुंचे है।
इससे एक बार फिर से दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस बीच जमकर पथराव भी हुआ। सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही विवाद कर रहे समर्थक मौके से निकल भागे। तब तक भाजपा समर्थक रामशंकर गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
विवाद की खबर पाते ही हरगांव विधायक सुरेश राही समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही एएसपी मधुबन सिंह, एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी, सीओ सदर तालगांव, इमलिया सुल्तानपुर, लहरपुर आदि थानों के पुलिस बल के साथ कस्बे में पहुंच गए।
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि अगर उनकी सुरक्षा नहीं की गई, तो वे अपना सिंबल ही वापस कर देंगे। घटना के संबंध में भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद्र मिश्रा व उनके समर्थक राम शंकर अवस्थी ने हरिनाम बाबू मिश्रा व उनके करीब 50 समर्थकों के खिलाफ अलग अलग तहरीरें दी हैं।
एएसपी ने बताया कि दोनों तहरीरों पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। यहां बता दें कि पुलिस व प्रशासन के अधिकारी रात भर हरगांव कस्बे में कैंप करते रहे।
इस दौरान पुलिस ने रूट मार्च करके लोगों को शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने का भरोसा भी दिलाया। घटना के बाद से हरिनाम बाबू मिश्रा का फोन स्विच ऑफ बता रहा है। वहीं उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर न तो कोई बयान दिया है और न ही वे सामने आए हैं।