{"_id":"58693d304f1c1b7675eef507","slug":"bodies-of-two-sisters-found","type":"story","status":"publish","title_hn":"शारदा नहर से दो मासूम बहनों के शव बरामद","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
शारदा नहर से दो मासूम बहनों के शव बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 01 Jan 2017 11:02 PM IST
विज्ञापन
बस एक्सीडेंट
- फोटो : amar ujala
तालगांव में लश्करपुर के पास शुक्रवार को हुए बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। रविवार को ग्रामीणों ने घटनास्थल से कुछ दूर लापता दो सगी बहनों के शव शारदा नहर से बरामद किए।
विज्ञापन
हालांकि एनडीआरएफ व पीएसी के गोताखोर पिछले दो दिनों से नहर खंगाल रहे लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली और ग्रामीण बच्चियों के शव नहर से निकाल लाए। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
तालगांव में लश्करपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर लहरपुर से बिसवां जा रही प्राइवेट बस शारदा नहर में गिर गई थी। हादसे में बस में सवार 10 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि ग्रामीणाें व प्रशासन की टीमों ने कई लोगों को सुरक्षित नहर से निकाल लिया था।
विज्ञापन
हादसे के बाद से बस में सवार कई लोग लापता हैं। इन लोगों की तलाश में पिछले दो दिनों से एनडीआरएफ की 11 सदस्यीय टीम के साथ पीएसी के आठ गोताखोर नहर खंगाल रहे हैं लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली। उधर, रविवार दोपहर कई ग्रामीण भी नहर में उतरे।
ग्रामीण गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद लापता दो सगी के शव नहर से बरामद कर लिए। हादसे में लहरपुर के ककरहा रूढ़ा भवनाथपुर निवासी जाने आलम की पत्नी व दो बेटियां नहर में बह गईं थीं। जाने आलम की पत्नी की लाश मिल गईं थी, लेकिन उसकी दोनों बेटियां जैतिशा (5) व अलीना (9) का पता नहीं चल सका था।
रविवार को घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर तालगांव के अंगेठा निवासी रमाकांत व मन्नू ने जैतिशा का शव ढूंढ लिया। उसकी लाश नहर में झाड़ी से फंसी बालू में दबी मिली। इसके अलावा घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जमालपुर के पास ग्रामीण गोताखोरों ने जाने आलम की दूसरी बेटी अलीना का शव भी खोज निकाला।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 पहुंच गई है। उधर, अभी भी कई परिवार अपनों की तलाश में नहर के आसपास भटक रहे हैं।