सिधौली (सीतापुर)। एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार ने शुक्रवार देर शाम सिधौली कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली में सामने आईं खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एडीजी लखीमपुर जिले से लौटते समय अचानक सिधौली कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय में बने अपराध, मालखाना, विवेचना और त्योहार रजिस्टर आदि का निरीक्षण किया। रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों को चेक किया, साथ ही उसमें सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने कोतवाली में बने साइबर सेल, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्पडेस्क, बैरक, भोजनालय आदि को भी देखा। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए केंद्र पर तैनात स्टाफ को लोगों से मृदुल व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई साक्ष्य के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाने पर मुख्य फोकस है। वहीं, शांति व्यवस्था को कायम रखना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बेहतर पुलिसिंग से अपराध में कमी हो, इस पर काम हो रहा है। जो अपराध कर रहे हैं, उनको कठोर दंड मिले, इसको लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल, एएसपी दुर्गेश सिंह, सीओ सिधौली कपूर कुमार आदि लोग मौजूद रहे।