फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sitapur News ›   786 roads of the district will be decorated with 1,929 crores

1,929 करोड़ से संवरेंगी जिले की 786 सड़कें

Sat, 02 Jul 2022 12:30 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Sat, 02 Jul 2022 12:30 AM IST
विज्ञापन
786 roads of the district will be decorated with 1,929 crores
सीतापुर। जिले में सांसद व विधायकों की सिफारिश पर 786 सड़कों की सूरत संवारी जाएगी। इन पर करीब 1,929 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी ने इन प्रस्तावों पर कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सबसे अधिक सड़कों का प्रस्ताव मिश्रिख विधायक ने दिया है।
विज्ञापन

जिले में नौ विधानसभा और चार लोकसभा क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को दुरुस्त करने के लिए 747 नई सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और अधिक लोड वाले मार्गों के चौड़ीकरण आदि का कार्य 39 सड़कों पर किया जाएगा। जिससे 1,379.79 किलोमीटर सड़कें संवरेंगी। यह वह सड़कें हैं जिनकी मरम्मत और निर्माण के लिए सांसद और विधायकों ने प्रस्ताव दिया था। जिसे संकलित करते हुए लोक निर्माण विभाग ने कार्य योजना बनाकर शासन को भेज दिया है। अनुमोदन होने और बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।
विज्ञापन

विधानसभा सदर
नगर विकास राज्यमंत्री व सदर विधायक राकेश राठौर गुरू ने 22 सड़कें बनाने का प्रस्ताव दिया है। छह सड़कों को चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने का प्रस्ताव है। 52.87 किलोमीटर सड़कों पर 101 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। हरदोई चुंगी से मुंशीगंज चौराहा होते हुए श्यामनाथ मंदिर रेलवे क्रॉसिंग तक डिवाइडर युक्त चौड़ीकरण प्रमुुख कार्य है। यह शहर का मुख्य मार्ग होने के साथ ही गोला मार्ग भी है। सरायन नदी के हुसैनपुर घाट पर पांटून सेतु का निर्माण कराया जाना है। यह मछरेहटा ब्लॉक को खैराबाद ब्लॉक को जोड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विधानसभा महमूदाबाद
विधानसभा क्षेत्र महमूदाबाद में 41 सड़कों के नव निर्माण का प्रस्ताव विधायक आशा मौर्य ने किया है। चार सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण को मिलाकर 55.90 किलोमीटर सड़कों पर 89 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च होगी। प्रस्तावित कार्यों में से चांदपुर-बांसुरा संपर्क मार्ग वाया इटिया महत्वपूर्ण है। 14.60 किलोमीटर का यह मार्ग सीतापुर व बाराबंकी के बॉर्डर पर स्थित है। इस पर आवागमन अधिक रहता है। इसकी चौड़ाई बढ़ जाने से आवागमन सुलभ हो जाएगा।
विधानसभा महोली
महोली विधानसभा क्षेत्र में 66.61 किलोमीटर की 24 सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण होना है। इस पर 108.35 करोड़ खर्च होंगे। इन कार्यों का प्रस्ताव विधायक शशांक त्रिवेदी ने किया है। 20 सड़कों का निर्माण होगा, जबकि चार का चौड़ीकरण कराया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में मुंशीगंज से बड़ागांव मार्ग का चौड़ीकरण महत्वपूर्ण है। यह मार्ग सीतापुर, गोला, अलीगंज, बिजुआ से निकलकर महोली, हरगांव, लहरपुर भदफर मार्ग (राज्यमार्ग-140)पर ग्राम बड़ागांव में मिलता है। यातायात की दृष्टि से यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विधानसभा बिसवां
विधानसभा बिसवां के विधायक निर्मल वर्मा ने करीब 28 किलोमीटर लंबाई वाले सिधौली-बिसवां मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव किया है। यह सड़क दो राष्ट्रीय और एक राज्य मार्ग को आपस में जोड़ती है। इससे देवा शरीफ, फतेहपुर, महमूदाबाद, बिसवां, लहरपुर, लखीमपुर के मार्ग आपस में जुड़ते हैं। यह तहसील मुख्यालय व सिधौली का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी पर बिसवां चीनी मिल स्थित है। वर्तमान इस मार्ग का यातायात घनत्व अधिक है। विधायक ने 72 सड़कों के निर्माण व मरम्मत का प्रस्ताव किया है। इस पर 171 करोड़ से अधिक राशि खर्च होगी। आठ किलोमीटर के दो बाईपास भी प्रस्तावित हैं। इससे नेपाल देश व बहराइच जुड़ेगा।
विधानसभा मिश्रिख
मिश्रिख विधान सभा क्षेत्र के विधायक रामकृष्ण भार्गव ने सर्वाधिक 446 करोड़ की धनराशि से सड़कों को बनाने व चौड़ीकरण के प्रस्ताव दिए हैं। 204 किलोमीटर सड़कों में से प्रमुख 108.89 किलोमीटर लंबाई का नैमिषारण्य धाम का 84 कोसी परिक्रमा मार्ग है। इसका चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होगा। साथ ही रामकोट, वजीरनगर-दधनामऊ के पांच किलोमीटर मार्ग का चौड़ीकरण होगा। यह हरदाई जिले को जोड़ता है। मछरहेटा-जलालपुर संपर्क मार्ग ब्लॉक मुख्यालय को एनएच-24 से जोड़ता है। मिश्रिख-मछरेहटा मार्ग ब्लॉक और तहसील मुख्यालय को जोड़ता है। इस पर ओडीआर श्रेणी का कार्य होना है।
विधानसभा सिधौली
सिधौली के विधायक मनीष रावत ने सर्वाधिक 181 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव किया है। जबकि मात्र एक सड़क का चौड़ीकरण होना है। इन कार्यों पर 210 करोड़ खर्च होंगे। इनकी लंबाई 216.42 किलोमीटर है। साढ़े 19 किलोमीटर लंबे टेड़वा रामपुर कला संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण व उच्चीकरण होना है।
विधानसभा हरगांव
हरगांव विधान सभा के विधायक सुरेश राही कारागार राज्य मंत्री हैं। इनके द्वारा 75 सड़कों के नव निर्माण और एक सड़क के मरम्मत का प्रस्ताव किया। 97.35 किलोमीटर सड़कों के निर्माण व मरम्मत पर 87 करोड़ से अधिक धनराशि का खर्च आएगा। विलायतपुरवा, घटपिलाई, ईरापुर से गड़ौसा, लहरपुर-भदफर, दंडपुरवा व दोनवा आदि कई संपर्क मार्ग बनाए जाने हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी। उन्हें सीधा मार्ग मिलेगा। समय की बचत होगी।
विधानसभा सेवता
विधानसभा क्षेत्र सेवता में 90 सड़कों का निर्माण और चार सड़कों का चौड़ीकरण होना है। इसका प्रस्ताव विधायक ज्ञान तिवारी ने किया है। इस पर करीब 262 करोड़ का खर्च आएगा। इसमें थानगांव, रामपुर मथुरा, गोंडा-देवरिया मार्ग महत्वपूर्ण है। 28 किलोमीटर के इस मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होने से सीतापुर से बाराबंकी जिले का आवागमन सुलभ हो जाएगा। रसूलपुर ग्वारी, राजापुर इसरौली चकदहा मार्ग सहित कुछ अन्य मार्गों का चौड़ीकरण होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
विधानसभा लहरपुर
लहरपुर विधान सभा क्षेत्र से सबसे कम 19 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव किया गया है। इन सड़कों की लंबाई 17.90 किलोमीटर है। इस पर 16 करोड़ 37 लाख रुपये खर्च होंगे। यहां से सपा के अनिल वर्मा विधायक हैं। इन सड़कों के बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

चार सांसदों ने दिए 437 करोड़ के प्रस्ताव
जिले के चार सांसदों ने 437 करोड़ से 202 सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण आदि कार्य कराने का प्रस्ताव दिया गया है। इनकी लंबाई 383 किलोमीटर है। सांसद राजेश वर्मा ने परसेंडी-तालागांव बाईपास का कार्य प्रस्तावित किया है। तीन किलोमीटर के इस मार्ग पर परसेंडी बाजार का भाग अत्यंत संकरा होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। मार्ग के बनने से यह समस्या दूर होगी। अन्य कई महत्वपूर्ण कार्य होंगे। सांसद रेखा अरुण वर्मा ने बेहटा में मतुआ रोड संपर्क मार्ग से मतुआ, सैतिया, सोंसरी होते हुए मुसियाना, कुसेपा, शेखनापुर तक डामर रोड के निर्माण का प्रस्ताव किया है। इसकी लंबाई 15.80 किलोमीटर है। इसके चौड़ीकरण होने से करीब 10 हजार आबादी को ब्लॉक मुख्यालय व तहसील के लिए आवागमन का सीधा रास्ता सुलभ हो जाएगा। इसी प्रकार सांसद अशोक रावत और कौशल किशोर ने कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण का प्रस्ताव किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed