Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Siddharthnagar News: Offerings made to the setting sun; prayers offered for the long life of ones son

Siddharthnagar News: डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, पुत्र की लंबी आयु की प्रार्थना

Sun, 15 Nov 2026 11:01 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर Updated Sun, 15 Nov 2026 11:01 PM IST
विज्ञापन
Siddharthnagar News: Offerings made to the setting sun; prayers offered for the long life of ones son
- ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मना छठ महापर्व, व्रतियों ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य
विज्ञापन

- दोपहर से ही घाटों पर जुटने लगी श्रद्धालुओं की भीड़, रंगीन रोशनी से जगमगाए घाट
- छठी मइया के गीतों से गूंजे नदी और तालाबों के किनारे बने घाट
सिद्धार्थनगर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नदी, तालाब और पोखरों के घाटों पर व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। पुत्र की लंबी आयु की प्रार्थना की। छठी मइया के गीतों और रंगीन रोशनी से सजे घाटों पर देर शाम तक भक्तिमय माहौल रहा।

घोरही नदी के तट पर सजा छठ घाट, श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य
तुलसियापुर। ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों से रविवार को बढ़नी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों के घाट गूंजते रहे। नए परिधानों में सजी व्रती महिलाएं गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचीं। वहां वेदी बनाकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर संतान व परिवार की खुशहाली की कामना की। बानगंगा नदी के महथा गांव स्थित घाट, घोरही नदी पर मदरहिया-पिकौरा के बीच और परसा रेलवे स्टेशन के सामने पड़रिया मोड़ स्थित स्वर्गीय रीता देवी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। औदही कलां, चरिहवां, मानपुर, परसा, मदरहिया, केवटलिया, जलापुरवा, तुलसियापुर, पड़रिया, अहिरौला, महथा, खड़कुइयां और झरुआ सहित आसपास के गांवों के लोग पहुंचे। घाटों पर वेदियां बनाकर गन्ने के मंडप सजाए गए थे। सूर्यास्त के समय व्रती महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर पहले जल और फिर दूध से अर्घ्य दिया। इस दौरान शोहरतगढ़ एसएचओ शेषमणि पांडेय, ढेबरुआ एसओ चंद्रकांत पांडेय, कठेला एसओ नारायण लाल श्रीवास्तव, बढ़नी चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन


सरयू नहर घाट पर व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य
पथरा। क्षेत्र के पथरा स्थित सरयू नहर घाट पर रविवार को छठ पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दोपहर करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाओं और उनके परिजनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाएं और पुरुष डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए घाट पहुंचे। घाट पर लगे मेले में बच्चों और श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। कई लोगों ने प्रसाद वितरण के लिए स्टाल भी लगाए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर उमड़ी भीड़
सकारपार। छठ महापर्व पर रविवार को क्षेत्र के नदी और तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दोपहर बाद से ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की तैयारियों में जुट गईं। बिशुनपुर मुस्तहकम गांव के उत्तरी दिशा में राप्ती नदी के घाट, बांसी-पनघटिया बांध स्थित भूतनाथ घाट, मटियरिया गांव के राप्ती नदी घाट और डुमरिया बुजुर्ग सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। शाम होते ही छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
घोसियारी। खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के महादेव नाथ मंदिर रिउना, बादुरगहना और बुद्धा नदी के कठमोरवा घाट पर रविवार को छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाएं और पुरुष गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रतियों ने भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करेंगे। इस दौरान कुर्थिया चौकी प्रभारी श्याम सुंदर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
बिस्कोहर। ‘कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ जैसे छठ गीतों से नगर पंचायत बिस्कोहर का माहौल भक्तिमय रहा। रविवार को डाला छठ पर महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखा। कस्बे के मंगल बाजार स्थित रामजानकी दुर्गा धाम मंदिर के शिवचरण पोखरे पर सैकड़ों महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता की ओर से मंदिर और पोखरे पर व्रती महिलाओं के बैठने और ठहरने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए बिस्कोहर चौकी पुलिस के जवान मौजूद रहे। इस दौरान अनूप पांडेय, पिंकू मोदनवाल और कन्हैया वरुण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

छठ घाट पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सूर्य को दिया अर्घ्य
बर्डपुर। नगर पंचायत कपिलवस्तु क्षेत्र स्थित छठ पूजा घाट पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर करीब दो बजे से ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ घाट पर पहुंचने लगीं। सभी ने अपने पूजा स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान रितेश पांडेय, विनय कुमार वर्मा, राकेश वर्मा, फूलचंद जायसवाल और कंचन वर्मा सहित क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।


छठ महापर्व पर व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
मिश्रौलिया। बांसी तहसील क्षेत्र के चेतिया मोती सागर मंदिर, बड़हल घाट और बस्ठा सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को छठ पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम होने से पहले ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ गाजे-बाजे की धुन पर घाटों पर पहुंचने लगीं। नदी और तालाबों के किनारे बने घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। व्रतियों ने विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की और परिवार की खुशहाली व संतान की दीर्घायु की कामना की। इस दौरान घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बड़हल घाट और चेतिया मोती सागर मंदिर पर सबसे अधिक भीड़ रही। बड़हल घाट पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने घाटों पर पहुंचकर व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed