Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   People have returned from the grip of addiction, and families are beginning to thrive once again.

Siddharthnagar News: नशे की गिरफ्त से लौटे लोग, फिर आबाद होने लगे परिवार

Sun, 29 Nov 2026 01:58 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर Updated Sun, 29 Nov 2026 01:58 AM IST
विज्ञापन
People have returned from the grip of addiction, and families are beginning to thrive once again.
- किसी ने फिर संभाली दुकान तो कोई करने लगा खेती-किसानी, इलाज और अपनों के साथ से बदली जिंदगी
विज्ञापन

सिद्धार्थनगर। दस साल तक शराब की लत में डूबे रहे तो परिवार ने साथ बैठकर खाना तक छोड़ दिया था। स्मैक की गिरफ्त में आए युवक की पढ़ाई छूट गई तो गांजे की लत ने एक किसान को खेती से दूर कर दिया। नशे ने किसी का रोजगार छीना तो किसी के रिश्तों में दरार डाल दी लेकिन अपनों ने उम्मीद नहीं छोड़ी। मेडिकल कॉलेज के नशामुक्ति केंद्र में उपचार और काउंसिलिंग के बाद किसी ने फिर दुकान संभाली तो कोई खेती-किसानी में जुट गया। अब इनके परिवारों में भी खुशियां लौटने लगी हैं।
नशे की लत से सिर्फ पुरुष ही नहीं महिलाएं भी जूझ रही हैं। कोई दर्द निवारक इंजेक्शन की आदी हो गई तो कोई शराब और तंबाकू के सेवन की गिरफ्त में आ गई। परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां नियमित दवाओं, काउंसिलिंग और परिजन के सहयोग से उपचार शुरू हुआ। कुछ महीनों में उनकी जिंदगी में भी बदलाव आने लगा। खास बात यह है कि नशामुक्ति केंद्र में आने वाले मरीजों को उपचार के साथ परिवार और समाज की मुख्यधारा से दोबारा जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में नशे से संबंधित समस्याओं को लेकर 790 मरीज ओपीडी में पहुंचे हैं। इनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। वर्तमान में प्रतिदिन आठ से नौ नशे की समस्या से जूझ रहे मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। हर महीने करीब 200 से 250 मरीजों को परामर्श और उपचार दिया जा रहा है। विशेषज्ञ मरीज की हिस्ट्री जानने के बाद दवाएं देने के साथ काउंसिलिंग करते हैं और नियमित फॉलोअप के लिए बुलाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पत्नी ने नहीं छोड़ा साथ, दस साल की लत से बाहर निकला पति
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति करीब दस वर्षों से शराब की लत में डूबे थे। नशे के कारण उनका काम-धंधा बंद हो गया था। घर में आए दिन विवाद होता था। परिवार के लोग भी परेशान होकर उनसे दूरी बनाने लगे थे। ऐसे में पत्नी ने हिम्मत जुटाई और किसी तरह उन्हें नशामुक्ति केंद्र लेकर पहुंची। यहां नियमित दवाओं और काउंसिलिंग से करीब तीन महीने में उन्होंने शराब छोड़ दी। अब वह दोबारा अपना रोजगार संभाल रहे हैं। परिवार के साथ बैठकर भोजन करते हैं और घर के फैसलों में भी उनकी राय ली जाती है।

स्मैक ने छीनी पढ़ाई, इलाज से लौटा भविष्य
नगर का 22 वर्षीय युवक डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान गलत संगत में पड़कर स्मैक का सेवन करने लगा। धीरे-धीरे नशे की लत बढ़ी तो पढ़ाई छूट गई। शारीरिक कमजोरी और चिड़चिड़ेपन ने भी परेशान कर दिया। बेटे की हालत देखकर माता-पिता उसे मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग लेकर पहुंचे। यहां नशामुक्ति केंद्र में उपचार शुरू हुआ। परिवार ने भी नियमित दवा और फॉलोअप में सहयोग किया। अब युवक नशे से दूर है और अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने में जुटा है।

गांजे की लत छूटी तो फिर खेतों में लौटे किसान
45 वर्षीय किसान करीब 15 वर्षों से गांजे और तंबाकू के सेवन के आदी थे। इसका असर स्वास्थ्य पर पड़ने लगा। नींद और सांस संबंधी परेशानियां बढ़ गईं। धीरे-धीरे उन्होंने सब्जी की खेती भी छोड़ दी। पत्नी और बच्चे उनकी हालत को लेकर परेशान थे। जानकारी मिलने पर पत्नी उन्हें नशामुक्ति केंद्र लेकर पहुंची। करीब छह महीने तक उपचार और चिकित्सकों के संपर्क में रहने के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ। अब उनकी नींद और स्वास्थ्य बेहतर है और उन्होंने फिर से खेती-किसानी शुरू कर दी है।

महिलाएं भी नशे की गिरफ्त में, इलाज से लौटी सामान्य जिंदगी
नशे की समस्या से महिलाएं भी अछूती नहीं हैं। मेडिकल कॉलेज में 30 से 40 वर्ष की दो महिलाओं का दर्द निवारक इंजेक्शन की लत को लेकर उपचार किया गया। एक महिला के नशे की जानकारी होने पर पति से विवाद हुआ। बाद में पति ही उन्हें नशामुक्ति केंद्र लेकर पहुंचा। उपचार के बाद उन्होंने इंजेक्शन लेना छोड़ दिया। दूसरी महिला को नशे की लत के कारण ससुराल से मायके भेज दिया गया था। मां ने उनका उपचार शुरू कराया। अब वह भी इंजेक्शन की लत से बाहर आ चुकी हैं और ससुराल वाले उन्हें वापस ले जाने को तैयार हैं।

इसके अलावा डुमरियागंज क्षेत्र की करीब 45 वर्षीय महिला शराब की लत से परेशान थीं। पारिवारिक विवाद बढ़ने पर पति उन्हें उपचार के लिए केंद्र लेकर पहुंचे। करीब पांच महीने तक दवा और चिकित्सकीय देखरेख में रहने के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ। वहीं, करीब दस वर्षों से तंबाकू का सेवन कर रहीं दो अन्य महिलाओं ने भी चार महीने के उपचार के बाद नशा छोड़ दिया।

नशा बीमारी है, अभिशाप नहीं
विशेषज्ञों के अनुसार, समाज में नशे की लत को अक्सर व्यक्ति के चरित्र की कमजोरी या बुरी आदत मान लिया जाता है, जबकि चिकित्सा विज्ञान में इसे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या माना गया है। शराब, तंबाकू, गांजा, स्मैक और नशीली दवाओं की लत का उपचार संभव है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के अंतर्गत संचालित एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्र में मरीजों को निशुल्क दवाएं, जांच और परामर्श की सुविधा दी जा रही है।


परिवार का साथ और नियमित उपचार जरूरी
नशा छोड़ना केवल इच्छाशक्ति का विषय नहीं है, इसके लिए सही चिकित्सकीय उपचार और परिवार का सहयोग भी जरूरी है। परिजन को मरीज पर दबाव बनाने या उसे समाज से अलग-थलग करने के बजाय उसकी परेशानी समझनी चाहिए। खाली समय, अकेलापन, तनाव और पुराने नशे के साथियों के संपर्क में आने से दोबारा नशे की तलब बढ़ सकती है। ऐसे में परिवार का सहयोग, नियमित दवाएं और काउंसिलिंग बेहद महत्वपूर्ण हैं।
- मो. अफजल खान, सहायक आचार्य, मानसिक रोग विभाग एवं प्रभारी, नशामुक्ति केंद्र
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed