सीएमओ ने मिठवल पीएचसी का किया निरीक्षण
बांसी। तहसील क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिठवल का बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. बीके अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। केंद्र में केवल फार्मासिस्ट की मौजूदगी थी। यहां तैनात डॉक्टर अनुपस्थित मिले। बताया जा रहा है कि इस केंद्र पर डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी की तैनाती एक वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन वह कभी नजर नहीं आते हैं। इसके चलते यह अस्पताल फार्मासिस्ट के भरोसे ही चल रहा है। सीएमओ के पहुंचने पर अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
उन्होंने कर्मचारी उपस्थिति पंजिका सहित अन्य अभिलेखों की गहनता से जांच की। उसके बाद उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। उन्होंने मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमओ ने सात मरीजों को परामर्श देकर उन्हें दवाएं भी लिखीं। इस दौरान रविशंकर त्रिपाठी, राजेंद्र मणि त्रिपाठी, उमेश धर, चंद्र रेखा चौधरी, अभिषेक मौजूद रहे।