श्रावस्ती। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत जिले में नंदन वन स्थापित कराया जाएगा। जिसमें विभिन्न प्रजाति के 2400 पौध रोपित कराए जाएंगे। जिसकी शुरुआत हरिहरपुर गांव में सीडीओ ने पौध रोपित कर की। मनरेगा योजना के तहत जिले में वृहद पौध रोपण अभियान चलाया जाएगा। इसे वनीकरण की दिशा में एक सशक्त सार्थक रूप देने के लिए इसे नंदन वन का नाम दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह की ओर से इसे मूर्त रूप देने के लिए शनिवार को हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर में नंदन वन स्थापित करने के लिए वट वृक्ष का पौधा रोपित कर योजना की शुरुआत की गई। इस दौरान सीडीओ ने कहा कि आज पेड़ों की अंधाधुंध कटान के कारण पर्यावरण असंतुलन बढ़ता जा रहा है। जिसे रोकने के लिए इसकी जरूरत है। इस मौके पर बीडीओ इंद्रपाल सिंह, एपीओ शाहीन सिद्दीकि, गणनायक शुक्ला, एडीओ विजय कुमार, चंद्रजीत यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे। (संवाद)