सर्वे करने पहुंची यमुना सत्याग्रह यात्रा
मुजफ्फरनगर, झिंझाना। जल संरक्षण दिवस पर गाजियाबाद से शुरू हुई यमुना सत्याग्रह टीम बुधवार को शाम बिडौली पुल पर पहुंची। यहां यमुना नदी का सर्वे किया गया।
यात्रा के टीम लीडर कृष्णपाल सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से जल का स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने बताया कि हथिनी कुंड में बहुत कम पानी है। जबकि बिडौली यमुना नदी में जल स्तर ठीक है। मगर जल संरक्षण व जल स्तर को ऊंचा उठाने के लिए उन्होंने गांव बिडौली में सुरेश पाल सैनी, गुड्डू, सुधीर कुमार, रंजीत सिंह आदि से बात की और जल संरक्षण के मामले में आगे आने की अपील की। टीम के सदस्य एडवोकेट विक्रांत ने कहा कि जल ही जीवन है। इसके बिना भविष्य अधूरा है। रमेश चंद शर्मा ने भी लोगों को जागरूक किया। कांग्रेस नेता सुरेश पाल सैनी ने अपने साथियों के साथ आगंतुकों का स्वागत किया। टीम में मौलाना शाहीन कासमी भी साथ रहे। संवाद