संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना (शामली)। कंडेला गांव में शुक्रवार सुबह बारिश के चलते कच्चे मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं, उसका पति व दो बेटियां बाल-बाल बच गए।
गांव कंडेला निवासी परविंद्र कोरी मन्ना माजरा स्थित टाइल्स फैक्टरी में मजदूरी करता है। परविंद्र व उसकी पत्नी कविता (38) तथा दोनों पुत्री कमरे में सोई हुई थीं। एक बेटा कमरे के बाहर सो रहा था। ऊपरी मंजिल का कमरा खाली था। सुबह करीब साढे़ चार बजे बारिश के चलते ऊपरी मंजिल के कमरे की छत गिर गई। जिसके वजन से नीचे के कमरे की छत भी गिर गई। जिससे कविता मलबे के नीचे दब गई। परविंद्र भी पैरों पर मलबा गिरने से घायल हो गया। शोर सुनकर आए पड़ोसियों ने मलबा हटाकर कविता को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर हलका दरोगा जयकिशोर मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, हलका लेखपाल ने नुकसान के बारे में जानकारी ली। इस बाबत एसडीएम शिवप्रकाश यादव ने बताया कि दैवीय आपदा के कारण हुई मौत के मुआवजे के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

कैराना के कंडेला में बारिश के कारण छत गिरने से मलबे में दबा सामान।- फोटो : SHAMLI